Joindia
मुंबईराजनीति

BMC Election 2026: मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस का ही महापौर बनेगा- चुनाव से पहले नवाब मलिक ने किया ऐलान

Nawab Malik

जोइंडिया टीम/ मुंबई:

Advertisement
मुंबई में अगर झारखंड में एक सीट पर मुख्यमंत्री बन सकता है, तो 30 सीटें जीतकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का महापौर भी बन सकता है। यह ठोस दावा मुंबई विभागीय राष्ट्रवादी कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नवाब मलिक (Nawab Malik) ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।

करीब साढ़े तीन साल बाद नवाब मलिक की यह पहली पत्रकार वार्ता थी, जिसको लेकर मीडिया और राजनीतिक गलियारों में खास उत्सुकता थी। उम्मीदों के मुताबिक, नवाब मलिक ने मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस का महापौर बनने का दावा कर राजनीतिक हलचल तेज कर दी।

नवाब मलिक ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस की जरूरत हो या न हो, लेकिन मुंबई में पार्टी की असली ताकत 16 जनवरी को साफ दिखाई देगी। उन्होंने जानकारी दी कि पार्टी ने 94 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। 95वें वार्ड में नामांकन मामूली तकनीकी कारणों से रद्द हुआ है, जबकि दो स्थानों पर पार्टी समर्थित उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें धारावी और रमाबाई आंबेडकर नगर–कामराज नगर शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि मुंबई में जहां-जहां राष्ट्रवादी कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ सकती है, वहां उम्मीदवार खड़े किए गए हैं। पार्टी के उम्मीदवारों में महिलाओं की संख्या अधिक है। सूची में डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, सब्जी विक्रेता, सफाई कर्मचारी जैसे समाज के हर वर्ग के लोग शामिल हैं। मराठी भाषी, भूमिपुत्र, मुंबई को कर्मभूमि मानने वाले नागरिकों के साथ-साथ मुस्लिम, ईसाई और अन्य समुदायों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।

नवाब मलिक ने कहा कि उत्तर भारतीयों को लेकर अक्सर गलत धारणा बनाई जाती है, लेकिन राष्ट्रवादी कांग्रेस ने मुंबई में सबसे ज्यादा टिकट उत्तर भारतीय समाज को दिए हैं। इसमें भी केवल एक वर्ग नहीं, बल्कि विभिन्न जातियों, दक्षिण भारतीय और तेलुगु भाषी उम्मीदवारों को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 से यह माहौल बनाया गया था कि राष्ट्रवादी कांग्रेस 14 सीटों से आगे नहीं जा सकती, लेकिन इस बार मुंबई में बिल्कुल अलग तस्वीर देखने को मिलेगी और पार्टी अधिक सीटें जीतेगी।

नवाब मलिक ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोग उनके नाम को लेकर गठबंधन न करने की बातें कर रहे थे, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित पवार मजबूती से उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने बिना गठबंधन, स्वबळ पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया, इसके लिए नवाब मलिक ने अजित पवार का विशेष आभार जताया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवाब मलिक ने चुनाव निर्णय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नियम-कानूनों को दरकिनार कर कुछ उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किए जा रहे हैं, जबकि अयोग्य उम्मीदवारों को देर रात वैध घोषित किया जा रहा है। कुछ मामलों में हाईकोर्ट तक जाना पड़ा है।

उन्होंने 151 नंबर वार्ड, 119 नंबर वार्ड सहित एम वार्ड, विक्रोली और एस वार्ड का उल्लेख करते हुए कहा कि आरक्षित सीटों, जाति प्रमाणपत्र और महानगरपालिका वेंडर से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। यह लोकतंत्र और कानून के खिलाफ है।

नवाब मलिक ने चेतावनी दी कि यदि यह साबित हुआ तो संबंधित अधिकारियों की नौकरियां भी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर राज्य चुनाव आयोग को पत्र दिया जाएगा और आचार संहिता का सख्ती से पालन होना चाहिए।

अंत में नवाब मलिक ने कहा कि मुंबई में कहीं भाजपा के खिलाफ, कहीं शिंदे सेना के खिलाफ और कहीं कांग्रेस के खिलाफ मुकाबला है। राष्ट्रवादी कांग्रेस किसी एक पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए चुनाव लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की कुछ सीटें राष्ट्रवादी कांग्रेस जरूर जीतेगी।

साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध का आरोप और सजा अलग विषय हैं। जब तक किसी को सजा नहीं होती, तब तक उसे चुनाव लड़ने से रोका नहीं जा सकता।

Related posts

Ministry by Maharashtra Government: मंत्रालय में प्रवेश के लिए विधायकों के पीए परेशान, नए सिस्टम से बढ़ी मुश्किलें

Deepak dubey

Mumbai: मनपा की एफडी पर ‘इनकी’ नजर, पीएम मोदी के भाषण पर बोले आदित्य ठाकरे

dinu

मस्ती में राज्य के मंत्री, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की बैठक से क्यों गायब?

Deepak dubey

Leave a Comment