जो इंडिया / नवी मुंबई: (BJP Navi Mumbai Manifesto) नवी मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2026 (Navi Mumbai Municipal Corporation Election 2026) के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शहर के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए अपना विस्तृत चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस घोषणापत्र का भव्य विमोचन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाईक के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं चुनाव प्रमुख डॉ. संजीव नाईक, नवी मुंबई भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पाटिल, पूर्व विधायक संदीप नाईक, पूर्व महापौर सागर नाईक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
घोषणापत्र जारी करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि गणेश नाईक के नेतृत्व में नवी मुंबई विकास के हर पैमाने पर राज्य में अग्रणी शहर बनकर उभरा है। मजबूत बुनियादी ढांचे, सुनियोजित शहरीकरण और दूरदर्शी नीतियों के कारण नवी मुंबई का तेजी से कायाकल्प हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी मनपा चुनाव में जनता भाजपा को विकास के इस विजन पर फिर से आशीर्वाद देगी।
वन मंत्री गणेश नाईक (Forest Minister Ganesh Naik) ने इस अवसर पर कहा कि नवी मुंबई के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अगले 30 वर्षों का एक व्यापक विजन डॉक्युमेंट तैयार किया गया है। बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए स्थायी जलापूर्ति के लिए पोशीर बांध का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बीते 25 वर्षों से संपत्ति कर नहीं बढ़ाया गया है और आने वाले 20 वर्षों तक भी प्रॉपर्टी टैक्स और पानी के बिल में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।
घोषणापत्र में सिडको से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। सिडको के घरों को लीज-होल्ड से फ्री-होल्ड किया जाएगा तथा आवश्यकता के आधार पर बने घरों पर लगने वाला तिगुना जुर्माना रद्द किया जाएगा। इससे हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
घोषणापत्र के प्रमुख वादे
- भाजपा के घोषणापत्र में नागरिक सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और परिवहन से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं। शहर में 100 बेड का अत्याधुनिक आईसीयू और 500 बेड का नया अस्पताल शुरू किया जाएगा। मनपा के सभी अस्पतालों को पूर्ण क्षमता से संचालित किया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से जर्मन तकनीक आधारित आधुनिक ऑपरेशन थिएटर शुरू किए जाएंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में पीजी से केजी (PG to KG) तक मुफ्त शिक्षा, मांग के अनुसार अंग्रेजी और सीबीएसई माध्यम के स्कूल शुरू करने का वादा किया गया है। आवासीय कर में राहत देते हुए 500 वर्ग फुट तक के घरों को पूर्ण टैक्स माफी और 501 से 700 वर्ग फुट तक के घरों को 60 प्रतिशत टैक्स छूट दी जाएगी।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए एनएमएमटी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी रहेगी। सिडको सोसायटियों में बढ़े हुए निर्माण को नियमित किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले इलाकों में मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा मनपा के माध्यम से विकसित की जाएगी।
बुनियादी ढांचा और कनेक्टिविटी शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए घणसोली–ऐरोली पाम बीच रोड के कार्य की शुरुआत, तुर्भे–खारघर रोड परियोजना पर काम और कोपरखैरणे–विक्रोली फ्लाईओवर जल्द शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। झुग्गी पुनर्विकास में बिल्डर-मुक्त मॉडल अपनाते हुए निवासियों को जमीन का मालिकाना हक दिया जाएगा। प्रकल्प प्रभावित (PAP) घरों को किफायती दरों पर नियमित कर मालिकाना हक प्रदान किया जाएगा तथा स्वयं पुनर्विकास (Self Redevelopment) को बढ़ावा दिया जाएगा। रोजगार, पर्यावरण और नई पीढ़ी पर फोकस महिलाओं के रोजगार और स्वरोजगार के लिए विशेष योजनाएं, बचत समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए प्रमुख स्थानों पर सुविधा, युवाओं के लिए कौशल विकास केंद्र, वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए ‘जीरो डस्ट पॉलिसी’ जैसे कदम घोषणापत्र में शामिल हैं। इसके साथ ही फूड ट्रक पॉलिसी, कूल रूफ पॉलिसी, फेरीवाला नीति, मार्केट पॉलिसी और एजुकेशन पॉलिसी को भी लागू किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘विरंगुला केंद्रों’ की संख्या बढ़ाई जाएगी।
जनरेशन X, Y, मिलेनियल्स और अल्फा के लिए खास ऐलान
स्टार्टअप और डिजिटल कार्य को बढ़ावा देने के लिए कम्युनिटी को-वर्किंग स्पेस, आधुनिक एआई को-वर्किंग हब और कंटेंट क्रिएटिव स्टूडियो स्थापित किए जाएंगे। लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए ई-साइकिल, ई-स्कूटर और फीडर बस सेवाएं, डिजिटल पार्किंग बुकिंग सिस्टम, तनाव मुक्ति केंद्र और आधुनिक शिशु गृह (क्रेच) की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही शहर में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की शुरुआत कर नवी मुंबई को हरित और टिकाऊ शहर बनाने का संकल्प दोहराया गया है।
