Ghansoli Station Accident: मध्य रेलवे की ट्रांस हार्बर लाइन पर स्थित घणसोली रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पास दीवार से सटा वायरिंग का जाल और उसे सहारा देने वाला पूरा लोहे का फ्रेम अचानक स्टेशन पर गिर पड़ा। इस घटना से कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया
यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म के पास लगी दीवार पर मौजूद कई केबल अचानक नीचे गिर गईं। केबलों को सहारा देने वाला लोहे का स्ट्रक्चर भी टूटकर गिर पड़ा, जिससे प्लेटफॉर्म नंबर 2 के किनारे पूरा वायरिंग फैल गया। उस समय प्लेटफॉर्म पर यात्री मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई। हादसे में एक यात्री को मामूली चोटें आईं, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, स्टेशन परिसर में वायरिंग की मरम्मत और बदलाव का काम चल रहा था। मरम्मत के दौरान एक केबल खींचते समय उसे सहारा देने वाली फ्रेम का कुछ हिस्सा टूट गया, जिससे पूरा वायरिंग सिस्टम नीचे आ गिरा। हालांकि, रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह काम रेलवे द्वारा नहीं बल्कि सिडको प्रशासन की ओर से किया जा रहा था।
घणसोली रेलवे स्टेशन को शुरू हुए 20 साल से अधिक समय हो चुका है और इस मार्ग के अन्य स्टेशनों की हालत भी खराब होती जा रही है। नवी मुंबई शहर के विकास के दौरान सिडको प्रशासन ने इन रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया था, लेकिन अब तक इनका पूरा नियंत्रण रेलवे प्रशासन को नहीं सौंपा गया है। इसी कारण इन स्टेशनों की देखभाल और मरम्मत का जिम्मा अब भी सिडको प्रशासन के पास ही है।
इस घटना के बाद सिडको के कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नागरिकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। यात्रियों का कहना है कि निर्माण पुराने हो जाने के कारण दीवारें और अन्य संरचनाएं जर्जर हो चुकी हैं। हल्का सा दबाव पड़ते ही पूरा वायरिंग सिस्टम नीचे गिर गया। नागरिकों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सिडको द्वारा बनाए गए सभी रेलवे स्टेशनों का तुरंत संरचनात्मक ऑडिट किया जाए।
घटना के तुरंत बाद सिडको प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग की और गिरी हुई केबलों को हटाने का काम शुरू कर दिया। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
सिडको प्रशासन ने कहा,
“देखभाल और मरम्मत के दौरान हुई इस घटना में कोई दुर्भाग्यपूर्ण हादसा नहीं हुआ है। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।”



