मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक महिला ने अपनी सौतेली सास की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने बुर्का, ग्लव्स और नायलॉन रस्सी का इस्तेमाल कर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आसपास के 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना घाटकोपर की मुकुंद सोसायटी के फ्लैट नंबर A-13 की है, जहां शहनाज नाम की महिला की गला दबाकर हत्या की गई। वारदात के समय शहनाज रसोई में रोटी बना रही थीं। तभी आरोपी महिला बुर्का और ग्लव्स पहनकर घर में दाखिल हुई। पहले दोनों के बीच बहस हुई और इसके बाद आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के रेहल से शहनाज के सिर पर हमला किया। सिर पर वार के बाद आरोपी ने नायलॉन की रस्सी से शहनाज का गला कसकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी महिला तुरंत वहां से निकल गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें एक बुर्का पहनी महिला को तेजी से बाहर जाते हुए देखा गया। हालांकि चेहरा ढका था, लेकिन उसके पैरों में पहने जूते साफ दिखाई दे रहे थे, जो पुलिस के लिए अहम सुराग बने।
कुछ दिनों बाद वही महिला फिर बुर्का पहनकर घटना स्थल के आसपास पहुंची। इस दौरान उसने वही जूते पहन रखे थे। पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका की सौतेली बहू है। उसकी बेटी की शादी तय हो चुकी थी और उसे बड़ी रकम की जरूरत थी। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि शहनाज ने अपनी प्रॉपर्टी बेचकर करोड़ों रुपये हासिल किए हैं। पैसे की लालच में आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



