जो इंडिया / मुंबई। ‘कांटा लगा गर्ल’ और बिग बॉस 13 की चर्चित प्रतियोगी शेफाली जरीवाला का अचानक हृदयगति रुकने से 42 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। यह दुखद घटना 28 जून की रात को हुई, जब शेफाली की अचानक तबीयत बिगड़ी और उन्हें अंधेरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शेफाली का पार्थिव शरीर फिलहाल कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। मौत का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। फॉरेन्सिक विभाग ने सुबह उनके घर पहुंचकर गहन जांच की और उनके मेडिकल रिपोर्ट्स भी जब्त किए।

पति पराग त्यागी का भावुक रूप पहली बार सामने आया
शेफाली के निधन के बाद उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए। मीडिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई बयान देने से इनकार कर दिया। पराग अपने पालतू कुत्ते के साथ इमारत से बाहर निकले, इस दौरान उनके हाथ में शेफाली का एक फोटो था और चेहरे पर गहरे दुख और थकावट के भाव साफ झलक रहे थे।

शेफाली जरीवाला को था मिरगी का पुराना रोग
जानकारी के अनुसार, शेफाली पिछले 15 वर्षों से मिरगी की बीमारी से ग्रसित थीं और लगातार दवा ले रही थीं। इसके अलावा, वे पिछले कुछ वर्षों से एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट भी ले रही थीं और दो प्रकार की दवाएं नियमित रूप से इस्तेमाल कर रही थीं। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि इन दवाओं और उनके हृदयाघात के बीच कोई सीधा संबंध नहीं पाया गया है।
डॉक्टरों ने यह भी कहा है कि शेफाली ने कभी अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी नहीं दी थी और वे सामान्य रूप से स्वस्थ लगती थीं।
पुलिस ने चार लोगों के बयान दर्ज किए
मुंबई पुलिस ने इस मामले में पति पराग त्यागी सहित चार लोगों के बयान दर्ज किए हैं। फॉरेन्सिक टीम द्वारा लिए गए सैंपल्स और रिपोर्ट्स के आधार पर अब आगे की जांच की जा रही है।
शेफाली की अचानक मौत से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और #RIPShefali ट्रेंड कर रहा है।