जो इंडिया/मुंबई। (Mumbai police arrest suspect)
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को बम धमाके से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे में दबोच लिया। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर इस आरोपी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी का नाम अश्विनीकुमार सुरेशकुमार सुप्रा (आयु 50 वर्ष) बताया गया है।
धमकी का पूरा मामला
दिनांक 4 सितंबर 2025 को दोपहर 2 बजकर 57 मिनट पर वरली स्थित ट्रैफिक मुख्य नियंत्रण कक्ष के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्हॉट्सऐप संदेश प्राप्त हुआ। इस संदेश में आरोपी ने लिखा था कि वह 400 किलो आरडीएक्स और मानव बम का इस्तेमाल करके मुंबई को उड़ाने वाला है।
गणपति विसर्जन जैसे बड़े त्यौहार के मौके पर यह धमकी मिलने से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इसे देखते हुए तुरंत उच्च स्तरीय जांच शुरू की गई और मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मुंबई अपराध शाखा ने साइबर ट्रैकिंग और खुफिया सूत्रों की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया। इसके बाद गौतम बुद्ध नगर पुलिस की सहायता से आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का मार्गदर्शन
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह आयुक्त (अपराध) लखमी गौतम, अपर आयुक्त शैलश बलकवडे के मार्गदर्शन में तथा उप-आयुक्त (प्रकटीकरण) राज तिलक रौशन के नेतृत्व में गठित विशेष पथक ने अंजाम दी।
मुंबई पुलिस की अपील
मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गणपति विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
