माइंडस्पेस बिज़नेस पार्क्स REIT ने मुंबई और पुणे के प्रमुख कमर्शियल मार्केट्स में बड़ी एंट्री की है. इसके साथ ही लगभग 2,916 करोड़ में तीन प्रीमियम ऑफिस संपत्तियों के खरीदने की घोषणा भी की है। कंपनी के बोर्ड ने इस सौदे के लिए करीब 1,820 करोड़ के प्रेफरेंशियल यूनिट इश्यू को सहमती दे दी है। खास बात यह है कि यह अधिग्रहण यूनिटधारकों और अन्य नियामक मंज़ूरियों के बाद पूरा होगा। स्वतंत्र वैल्यूएशन के मुताबिक इन संपत्तियों का कुल ग्रॉस एसेट वैल्यू लगभग 3,106 करोड़ है।
अधिग्रहण में दो कंपनियों की प्रमुख संपत्तियाँ शामिल हैं— प्रमाण प्रॉपर्टीज़ और सनड्यू रियल एस्टेट। प्रमाण के तहत वर्ली का नया प्रीमियम टॉवर ‘Ascent’ शामिल है, जिसका क्षेत्र लगभग 0.45 msf है। साथ ही पुणे के कल्याणी नगर में स्थित 0.1 msf की ऑफिस बिल्डिंग भी इसमें शामिल है। दूसरी ओर, सनड्यू रियल एस्टेट से बीकेसी एनेक्स की 0.2 msf की ग्रेड A संपत्ति ‘द स्क्वायर एवेन्यू 98’ का अधिग्रहण किया गया है। इन तीनों संपत्तियों का कुल लीज़ेबल एरिया करीब 0.8 msf है, और इनमें से अधिकांश 100% ऑक्यूपेंसी के साथ पहले से लीज़ पर हैं।
कंपनी का दावा है कि यह सौदा माइंडस्पेस REIT के पोर्टफोलियो को नई मजबूती देगा। अधिग्रहण के बाद कुल पोर्टफोलियो 38.2 msf से बढ़कर लगभग 39 msf हो जाएगा। वहीं, कुल सकल संपत्ति मूल्य (GAV) लगभग ₹41,020 करोड़ से बढ़कर ₹44,126 करोड़ तक पहुँच जाएगा। कंपनी ने बताया कि इस सौदे से प्रोफॉर्मा आधार पर वित्त वर्ष 2026 में लगभग 9% की NOI वृद्धि और करीब 1.7% की DPU वृद्धि होने की उम्मीद है।
माइंडस्पेस REIT के एमडी और सीईओ रमेश नायर ने कहा कि ये ‘ट्रॉफी एसेट्स’ कंपनी की मुंबई के प्रमुख CBD मार्केट्स में मौजूदगी को और मजबूत करेंगे। उन्होंने बताया कि इन संपत्तियों में उच्च गुणवत्ता, बेहतरीन लोकेशन और वॉल स्ट्रीट के शीर्ष किराएदारों की मौजूदगी है, जो पोर्टफोलियो की स्थिरता और मूल्य को लंबे समय तक बढ़ाएँगे। नायर के अनुसार, कंपनी की रणनीति हमेशा से मजबूत लोकेशन और उत्कृष्ट किरायेदारों में निवेश पर केंद्रित रही है।
उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि वर्ली और बीकेसी जैसे बाजारों में यह विस्तार माइंडस्पेस REIT के लिए महत्वपूर्ण बढ़त है, क्योंकि इन क्षेत्रों में रेंटल ग्रोथ बेहद तेज है। पुणे के कल्याणी नगर में भी कमर्शियल डिमांड लगातार बढ़ रही है, जिससे कंपनी को दीर्घकालिक लाभ मिलने की संभावना है।
कंपनी ने बताया कि लोन-टू-वैल्यू (LTV) अनुपात अधिग्रहण के बाद 24.2% से मामूली बढ़कर 24.7% होगा, जो आगे और विकास की क्षमता दर्शाता है। माइंडस्पेस REIT पिछले कुछ वर्षों में लगातार रणनीतिक अधिग्रहण कर रहा है। इसमें हैदराबाद की ‘द स्क्वायर, 110 फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट’, चेन्नई और पुणे में स्वामित्व विस्तार और रायदुर्ग का पहला स्पॉन्सर अधिग्रहण शामिल है।



