जो इंडिया / मुंबई: (Bhopal husband sold case)
आप सभी को १९९७ में अभिनेत्री श्रीदेवी, अनिल कपूर और ऊर्मिला मांतोडकर स्टारर फिल्म `जुदाई’ तो याद ही होगी ना, जिसमें एक पत्नी महज कुछ पैसों के लिए अपने पति को ही बेच देती है। ठीक ऐसा ही एक चौंकानेवाला मामला मध्य प्रदेश के भोपाल से सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने पति को डेढ़ करोड़ में बेच दिया।
दरअसल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कुटुंब न्यायालय में रिश्तों के अजीब सौदे का मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने पति से तलाक देने के लिए सहमति से करीब १.५ करोड़ में समझौता कर लिया। काउंसलिंग के सूत्रों के अनुसार, एक सरकारी विभाग में कार्यरत ४२ वर्षीय अधिकारी ने अपनी ५४ वर्षीय महिला अफसर के साथ संबंध स्वीकार करते हुए पत्नी से अलग होने का फैसला किया। लंबे समय से चल रहे वैवाहिक विवाद और काउंसलिंग के बाद आखिरकार दोनों पक्षों के बीच करीब १.५ करोड़ रुपए का आपसी समझौता तय हुआ।
पति के बदले मिला एक डुप्लेक्स मकान
समझौते के तहत पत्नी को एक डुप्लेक्स मकान और २७ लाख रुपए नकद दिए जाएंगे, ताकि उनकी दो बेटियों का भविष्य सुरक्षित रह सके। करीब पांच वर्षों तक चले काउंसलिंग सत्रों में पति ने स्पष्ट कहा कि वह अब वैवाहिक जीवन जारी नहीं रखना चाहता। पत्नी ने भी लगातार विवादों और मानसिक तनाव का हवाला दिया। बड़ी बेटी की शिकायत के बाद मामला न्यायालय पहुंचा, जहां हिंदू मैरिज एक्ट के तहत सुलह की कोशिशें की गईं। हालांकि संबंधों में आई दरार भर नहीं सकी और अंतत: आपसी सहमति से अलगाव का रास्ता चुना गया। सूत्रों के अनुसार, दोनों अधिकारी एक ही विभाग में कार्यरत थे। अपनी अफसर के साथ प्रोजेक्ट और मीटिंग के दौरान बढ़ी नजदीकियां निजी संबंध में बदल गईं। जब पति का व्यवहार बदला तो परिवार में तनाव बढ़ने लगा।
रोज-रोज के झगड़ों से तंग आ गई थी बीवी
परिवार में रोजाना के झगड़ों से परेशान १६ वर्षीय बेटी ने न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अनिवार्य काउंसलिंग शुरू हुई। पांच वर्षों तक चली इस प्रक्रिया में दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं। काउंसलरों ने सुलह का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। समझौते के तहत पत्नी को भोपाल में स्थित एक डुप्लेक्स मकान, जिसकी अनुमानित कीमत १.२३ करोड़ रुपए है, और २७ लाख रुपए नकद दिए जाएगे। कुल पैकेज लगभग १.५ करोड़ रुपए का है। यह राशि बेटियों की शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तय की गई है।



