जो इंडिया / नवी मुंबई: (ISRO Chairman Visit Vashi Police Station)
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन (Chairman Dr. V. Narayanan) ने रविवार को अचानक वाशी पुलिस स्टेशन का दौरा कर सभी को चौंका दिया। अपने इस अनौपचारिक दौरे में उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की और उनके कार्यों की सराहना की।
सूत्रों के अनुसार, डॉ. नारायणन ने पुलिस स्टेशन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत चादेकर सहित अन्य अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस बल की मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि “अंतरिक्ष में जहां वैज्ञानिक देश का नाम ऊंचा कर रहे हैं, वहीं ज़मीन पर पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा और शांति बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।”
डॉ. नारायणन के आगमन से पुलिस स्टेशन में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। कई अधिकारी और कर्मचारी इसरो प्रमुख से मुलाकात कर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहन स्वरूप शुभकामनाएं दीं और समाज में उनके योगदान की सराहना की।
वाशी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने भी इस मुलाकात को “प्रेरणादायी क्षण” बताया। वरिष्ठ निरीक्षक शशिकांत चादेकर ने कहा कि “डॉ. नारायणन जैसे महान वैज्ञानिक का हमारे बीच आना, हमारे लिए सम्मान और प्रेरणा दोनों है।”
इसरो प्रमुख का यह सदिच्छा दौरा नवी मुंबई पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय बना हुआ है, और इससे पुलिस बल का मनोबल निश्चित रूप से बढ़ा है।
