जो इंडिया /
स्वस्थ समाज की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बिहार के गोपालगंज जनपद अंतर्गत पगरा बाजार करौंदी स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल में रविवार को एक भव्य नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच व परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक देवरिया आनंद कुमार पांडेय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर सत्येंद्र कुमार जायसवाल द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण व बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
775 मरीजों की हुई जांच, चश्मा व दवाइयां भी वितरित
शिविर में कुल 775 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क चश्मे और आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीकांत सिंह ने 375 मरीजों की आंखों की जांच की, जिनमें से 100 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए चिन्हित किया गया। चयनित मरीजों का ऑपरेशन निर्धारित तिथि पर किया जाएगा।
अन्य विशेषज्ञों ने भी दी सेवाएं
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। साइकियाट्रिस्ट डॉ. गौरव यादव ने 250 मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। एचडीएम, एमडी एवं रेस्पिरेटरी विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश सिंह ने 150 मरीजों का परीक्षण किया। वहीं लालमति हॉस्पिटल से जुड़े बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शरीफ असरार ने 90 बच्चों व मरीजों की जांच की।
प्रशासनिक व सामाजिक हस्तियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमान श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार, थाना प्रभारी बरियारपुर दीपक सिंह, चौकी इंचार्ज जितेश श्रीवास्तव, विजयपुर थाना प्रभारी रविशंकर, पूर्व प्रधान के.डी. यादव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजकों ने जताया आभार
कार्यक्रम के आयोजक छोटेलाल यादव ने शिविर में पहुंचे सभी अतिथियों, डॉक्टरों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं क्षेत्रीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं और भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
