जो इंडिया / अमरावती (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में हुए दर्दनाक बस हादसे ने पूरे प्रदेश को दहला दिया है। इस भयावह आग में 20 लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। अब सामने आये फुटेज ने इस हादसे की असली वजह को उजागर कर दिया है। फुटेज में एक बाइक सवार शराब के नशे में लडखड़ाते हुए दिखाई दे रहा है, और इसी लापरवाह बाइक सवार से टकराने के बाद बस में भीषण आग लग गई।
घटना 24 अक्टूबर की रात लगभग 2 बजकर 23 मिनट की है। यह फुटेज एक पेट्रोल पंप के पास का बताया जा रहा है, जहां बाइक सवार शिवा शंकर अपनी बाइक लेकर पहुंचा था। वीडियो में शिवा शंकर को पेट्रोल डिस्पेंसर के पास डगमगाते हुए बाइक पार्क करते और बाद में नशे की हालत में वाहन के साथ लौटते देखा जा सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह पूरी तरह मद्यधुंद अवस्था में था।
पुलिस जांच के अनुसार, जब बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की निजी बस ने शिवा शंकर की बाइक को टक्कर मारी, तब बाइक की फ्यूल टंकी खुली हुई थी। टक्कर के बाद बाइक से पेट्रोल बहने लगा और चिंगारियों के संपर्क में आने से आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।
बस में कुल 44 यात्री सवार थे। इनमें से 19 लोग जिंदा जलकर राख हो गए, जबकि बाइक सवार शिवा शंकर की भी मौके पर मौत हो गई। बाकी यात्रियों ने किसी तरह खिड़कियां तोड़कर अपनी जान बचाई। आग की चपेट में आई यह बस कावेरी ट्रैवल्स कंपनी की थी, जिसकी रजिस्ट्रेशन दमण और दीव में हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही बस के आगे के हिस्से में आग लगी और कुछ ही पलों में पूरी बस जल उठी। हादसे के समय बस की रफ्तार भी काफी तेज थी। बस चालक मिरियाला लक्ष्मैया (42) ने खुद के साथ कुछ यात्रियों को बचाने की कोशिश की। उसने आपातकालीन दरवाजे से छलांग लगाई और सहायक चालक को उठाया। दोनों ने मिलकर लोहे की रॉड से खिड़कियां तोड़ यात्रियों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे ज्यादा लोगों को नहीं बचा सके।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ घंटे बाद हिरासत में ले लिया। फिलहाल कुरनूल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।



