जो इंडिया / मुंबई : पहलगाम (Pahalgam) में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश का माहौल है, वहीं शिवसेना (शिंदे गुट) के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम ने शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राऊत पर पाकिस्तान समर्थक रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “भांडुप का भोंगा पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है। जब देश एकजुटता दिखा रहा है, तब कांग्रेस और राऊत जैसे नेता राष्ट्रविरोधी सुर में बात कर रहे हैं।”
सरकार की कार्रवाई तेज
निरुपम ने बताया कि केंद्र सरकार ने पाकिस्तान पर कई स्तरों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है — व्यापारिक संबंधों में कटौती, जल आपूर्ति पर रोक, सिंधु जल समझौते को रोकना और सैन्य गतिविधियों को तेज करना — ये सब आतंक के खिलाफ निर्णायक कदम हैं।
भाजपा में जाने की थी कोशिश
एक और बड़ा खुलासा करते हुए निरुपम ने दावा किया कि संजय राऊत और उनके साथी भाजपा में शामिल होने की तैयारी में थे, लेकिन उद्धव ठाकरे ने अपने सांसदों को ऐसा करने से रोका। उन्होंने कहा, “राऊत जिस तानाशाही के खिलाफ लड़ने की बात करते हैं, वही व्यक्ति चुनाव बाद भाजपा से गठबंधन के प्रयास कर रहा था।”
‘लाडकी बहन योजना’ बंद नहीं हुई
निरुपम ने राऊत के हालिया बयान को झूठा प्रचार करार देते हुए कहा कि लाडकी बहन योजना पूरी तरह सक्रिय है और सरकार इसे भविष्य में और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। फिलहाल ₹1500 की राशि दी जा रही है और शीघ्र ही इसे ₹2100 तक ले जाया जाएगा।
जनता से अपील
उन्होंने अंत में अपील की कि भारत और महाराष्ट्र विरोधी भाषा बोलने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें
