जो इंडिया / मुंबई: (Bhojpuri Actress Fraud Case)
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चमक-दमक के पीछे छिपी एक सनसनीखेज ठगी की कहानी सामने आई है। मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी और उनके पति अभिषेक कुमार पर एक व्यापारी से 11.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। इस मामले में मुंबई के पंतनगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
200 करोड़ के लालच में फंसा व्यापारी
शिकायतकर्ता हितेश कांतिलाल अजमेरा, जो सीमा शुल्क निकासी (कस्टम क्लियरेंस) के व्यवसाय से जुड़े हैं, ने पुलिस को बताया कि आकांक्षा अवस्थी और उनके पति ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में प्रभावशाली कनेक्शन वाला बताया। आरोप है कि दोनों ने भारी मुनाफे और बड़े निवेश के सपने दिखाकर व्यापारी को अपने जाल में फंसाया।
भव्य स्टूडियो और ट्रेनिंग सेंटर का दावा
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अंधेरी में एक भव्य फिल्म स्टूडियो और कलाकारों के लिए ट्रेनिंग सेंटर होने का दावा किया। अभिनेत्री ने भरोसा दिलाया कि निवेश करने पर व्यापारी को स्टूडियो में हिस्सेदारी मिलेगी और साथ ही 200 करोड़ रुपये का ब्याज-मुक्त लोन भी दिलवाया जाएगा।
300 करोड़ नकद की ‘कहानी’ से रची साजिश
ठगी की साजिश को पुख्ता करने के लिए अभिनेत्री के पति अभिषेक कुमार ने एक चौंकाने वाली कहानी सुनाई। उन्होंने दावा किया कि बिहार के बेतिया स्थित एक गोदाम में 300 करोड़ रुपये नकद रखे हैं, जो कथित तौर पर कानूनी अड़चनों के कारण फंसे हुए हैं। वादा किया गया कि निवेश मिलते ही महज चार दिनों में 200 करोड़ रुपये लौटाए जाएंगे। खुद अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी ने भी इस दावे की पुष्टि कर व्यापारी का भरोसा जीता।
मार्च से जुलाई 2024 तक 11.5 करोड़ ट्रांसफर
आरोप है कि इस भरोसे में आकर हितेश अजमेरा ने मार्च से जुलाई 2024 के बीच अभिनेत्री और उनके सहयोगियों के विभिन्न बैंक खातों में कुल 11.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। भरोसा और मजबूत करने के लिए आरोपियों ने व्यापारी को पटना भी ले जाकर कथित गोदाम से जुड़े फर्जी दस्तावेज दिखाए।
रास्ते में गायब हुआ पति, फोन बंद और दोनों लापता
मामले में नाटकीय मोड़ तब आया जब 5 जुलाई 2024 को बेतिया जाते समय रास्ते में आकांक्षा के पति अभिषेक कुमार मिठाई खरीदने के बहाने कार से उतरे और फिर कभी वापस नहीं लौटे। इसके तुरंत बाद अभिनेत्री और उनके पति—दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए और वे लापता हो गए।
मानसिक तनाव में बीमार पड़ा पीड़ित
व्यापारी हितेश अजमेरा का कहना है कि इस बड़ी धोखाधड़ी के बाद उन्हें भारी आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव झेलना पड़ा, जिससे उनकी तबीयत भी खराब हो गई। इसी वजह से वे तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके। आखिरकार 28 जनवरी 2026 को उन्होंने हिम्मत जुटाकर मुंबई पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
धोखाधड़ी, साजिश और विश्वासघात की धाराएं
पुलिस ने आकांक्षा अवस्थी, उनके पति और अन्य सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और विश्वासघात की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस बैंक खातों की ट्रांजैक्शन, डिजिटल सबूतों और आरोपियों की लोकेशन की जांच कर रही है।
अब तक नहीं आई अभिनेत्री की प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर अभी तक अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि आकांक्षा भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी और हाई-पेड अभिनेत्रियों में शुमार हैं। उन्होंने इंडस्ट्री के कई टॉप कलाकारों के साथ काम किया है और अपनी एक्टिंग को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहती रही हैं।
