जो इंडिया / ठाणे / मुंब्रा : (Mumbra slab collapse)
मुंब्रा में मंगलवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक छह मंज़िला इमारत का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। यह स्लैब सीधे नीचे पांचवीं मंज़िल पर जा गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भीषण था कि इमारत के कई हिस्सों में दरारें पड़ गईं और लोगों में दहशत फैल गई। राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल विभाग, पुलिस और ठाणे महानगरपालिका (TMC) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की है। “पहले एक जोरदार धमाका हुआ, और फिर देखा कि ऊपरी मंज़िल का स्लैब नीचे की ओर गिर गया,” एक स्थानीय निवासी ने बताया। घटना के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे।
दमकल कर्मियों ने इमारत के सभी रहवासियों को बाहर निकाल लिया है। 4 से 5 लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कुछ लोग मामूली रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ठाणे नगर निगम ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इमारत करीब 25 साल पुरानी थी और इसके रखरखाव को लेकर कई बार शिकायतें दर्ज की गई थीं।
- TMC के आपदा प्रबंधन अधिकारी संतोष कदम ने बताया, “हमने फिलहाल इमारत को असुरक्षित घोषित किया है। स्लैब गिरने की वजह संरचनात्मक कमजोरी लग रही है। जांच के बाद ही असली कारणों का खुलासा होगा।”
स्थानीय नगरसेवकों ने भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का आरोप है कि कई बार मरम्मत की शिकायतें की गईं, लेकिन बिल्डिंग मालिक और प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
