जो इंडिया/नई दिल्ली/नागपुर। (Congress big allegation on BJP)
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ ने नागपुर के कामठी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित मेगा सम्मेलन में बड़ा बयान देकर सियासी गलियारों में भूचाल मचा दिया है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘कुर्सी खाली करने’ का संदेश दिया है। सपकाळ ने यह भी कहा कि देश में जल्द ही मध्यावधि चुनाव होने वाले हैं।
कामठी से कांग्रेस का नया अभियान – “वोट चोर, गद्दी छोड़”
कांग्रेस ने नागपुर जिले के कामठी से अपने राज्यव्यापी कैंपेन “वोट चोर, गद्दी छोड़” की शुरुआत की। इस मौके पर सपकाळ ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में मतचोरी का प्रयोग कामठी विधानसभा से ही शुरू हुआ था।
राहुल गांधी का निशाना – “चीन और अमेरिका में भी गूंज रहा है नारा”
इसी बीच, पटना में संपन्न हुई ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा,
“लोकसभा चुनाव के बाद मतदाता सूची में लगभग एक करोड़ नए मतदाता जोड़े गए, और सारे वोट सीधे भाजपा की झोली में चले गए। आखिर ऐसा क्यों? क्योंकि भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर लोकतंत्र की सबसे बड़ी चोरी की।”
उन्होंने कहा कि बिहार ही नहीं, पूरे देश में लोग नया नारा दे रहे हैं – “वोट चोर, गद्दी छोड़”। यहां तक कि राहुल ने व्यंग्य करते हुए कहा कि “चीन और अमेरिका में भी लोग यही कह रहे हैं।”
तेजस्वी यादव और खरगे का हमला
राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी यात्रा को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि पटना की गलियां जनता से भर गईं। उन्होंने कहा, “अब जनता जाग चुकी है और बेईमानों को सत्ता से बाहर करने का समय आ गया है।”
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह डबल इंजन सरकार सिर्फ 6 महीने की मेहमान है। उन्होंने दावा किया कि आने वाली सरकार गरीबों, महिलाओं, दलितों और पिछड़ों की होगी।
भाजपा पर बढ़ते आरोप, देश में सियासी हलचल
कांग्रेस और विपक्ष लगातार भाजपा पर मतचोरी और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, हर्षवर्धन सपकाळ के मोहन भागवत संबंधी बयान ने माहौल और भी गर्मा दिया है। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि अगर संघ स्तर पर भी असंतोष की बातें सामने आईं, तो यह भाजपा के लिए गंभीर संकट साबित हो सकता है।
