जो इंडिया / मुंबई। (Maharashtra Government Recruitment 2026)
महाराष्ट्र में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में राज्य शासन की सेवा प्रवेश नियमावली में व्यापक सुधार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य में जल्द ही नई प्रणाली के तहत लगभग 70 हजार से अधिक पदों पर चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, तेज और भरोसेमंद होनी चाहिए ताकि युवाओं के मन में किसी भी प्रकार की शंका न रहे। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप सेवा प्रवेश नियमों में संशोधन आवश्यक है, जिससे योग्य और कुशल उम्मीदवारों को अवसर मिल सके।

50 हजार पद MPSC से, 20 हजार अन्य माध्यमों से
प्रस्तावित भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत लगभग 50 हजार पद महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) के माध्यम से भरे जाएंगे, जबकि करीब 20 हजार पद एमपीएससी के दायरे से बाहर की संस्थाओं और विभागों के माध्यम से भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि भर्ती करते समय आवश्यक कौशल, पात्रता, सेवा प्रवेश की शर्तें और कार्य के स्वरूप को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए जाएं।
बैठक में मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और विभिन्न विभागों के सचिव उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर इस सुधार को प्राथमिकता देने और सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश भी दिए गए।
डिजिटल और ऑनलाइन वेरिफिकेशन पर जोर
मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक कागजी कार्रवाई, लंबी कतारों और अनावश्यक देरी को समाप्त करने के लिए पूर्णत: ऑनलाइन और डिजिटल वेरिफिकेशन मॉडल विकसित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर पूरी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में गवर्नेंस रिफॉर्म का एक नया मॉडल विकसित किया जा रहा है, जो अगले एक वर्ष में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हुई मुख्यमंत्रियों की परिषद में महाराष्ट्र द्वारा प्रस्तुत मानव संसाधन प्रबंधन मॉडल की सराहना की गई थी, जिससे राज्य को प्रशासनिक सुधारों में अग्रणी माना जा रहा है।
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर लेकर आएगी। सरकार का उद्देश्य है कि योग्य उम्मीदवारों को बिना किसी बाधा के अवसर मिले और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से पूरी हो। उन्होंने सभी विभागों से अपील की कि वे मिलकर इस प्रशासनिक सुधार को सफल बनाएं और महाराष्ट्र को सुशासन के नए मॉडल के रूप में स्थापित करें।
राज्य सरकार जल्द ही सेवा प्रवेश नियमावली में संशोधन को लेकर मंत्रिमंडल की बैठक में अंतिम निर्णय लेगी, जिसके बाद नई भर्ती प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू की जाएगी।



