जो इंडिया /नवी मुंबई: (Student committed suicide in Ghansoli)
नवी मुंबई के घनसोली इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 10वीं कक्षा की छात्रा ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार, घटना गुरुवार देर शाम की है जब छात्रा घर में अकेली थी। परिजन जब देर रात लौटे तो उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। आवाज देने पर जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दरवाजा तोड़ा गया, जहां अंदर बच्ची को फंदे से लटका पाया गया।
मौके पर तुरंत घनसोली पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें छात्रा ने लिखा है कि उसे लगातार अपमान और ताने झेलने पड़ रहे थे, जिससे उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया। उसने यह भी लिखा कि अब वह इस बोझ को और नहीं झेल सकती।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर यह “अपमान” स्कूल में हुआ या घर के किसी माहौल से जुड़ा था। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि छात्रा पिछले कुछ दिनों से बहुत तनाव में थी और परिवार से कम बात कर रही थी।
स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि आज के बच्चे मानसिक दबाव में जी रहे हैं, और अभिभावकों व शिक्षकों को उन्हें समझने और सुनने की जरूरत है।
घनसोली पुलिस निरीक्षक ने कहा कि “हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं — चाहे मामला स्कूल से जुड़ा हो या पारिवारिक तनाव से। किसी पर भी आरोप साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”



