Mumbai Jo India team: बॉलीवुड की चमक-दमक के पीछे कई ऐसी कहानियां छिपी होती हैं, जो दिल को गहराई से छू जाती हैं, कभी आसमान छूने वाले सितारे कब जमीन पर आ जाते हैं, इसका अंदाजा भी नहीं लगता। आज हम जिस सुपरस्टार की बात कर रहे हैं, वो कोई और नहीं बल्कि ‘आशिकी’ से रातों-रात स्टार बने राहुल रॉय हैं, एक वक्त था जब राहुल रॉय का नाम ही सफलता की पहचान था। फिल्म ‘आशिकी’ ने उन्हें वो मुकाम दिया, जिसका सपना हर कलाकार देखता है। लेकिन वक्त बदला और हालात भी। आज वही स्टार छोटे-छोटे मोबाइल स्क्रीन पर रील्स बनाते नजर आ रहे हैं।
पहली नजर में ये सिर्फ सोशल मीडिया एक्टिविटी लग सकती है, लेकिन इसके पीछे की सच्चाई कहीं ज्यादा भावुक कर देने वाली है।
दरअसल, हाल ही में राहुल रॉय की एक अनजान कंटेंट क्रिएटर के साथ रील वायरल हुई। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई, कुछ ने समर्थन किया, तो कई लोगों ने तंज कसते हुए उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया, लगातार ट्रोलिंग के बाद राहुल रॉय ने खुद सामने आकर सच्चाई बताई और उनकी बातों ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा, ‘मैं ईमानदारी और सादगी से अपना काम करता हूं। मुझे कुछ कानूनी मामलों का भुगतान करना है, ये मामले आज के नहीं, बल्कि ब्रेन स्ट्रोक से पहले के हैं।’
उन्होंने आगे लिखा’ ‘अगर आप मेरी सादगी या मेरे संघर्ष का मजाक उड़ाते हैं, तो यह मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा बताता है। अगर आप सच में चिंतित हैं, तो मुझे कोई अच्छा और सम्मानजनक काम ढूंढने में मदद करें, कम से कम मैं मेहनत से कमा रहा हूं।’
*2020 में आया था ब्रेन स्ट्रोक*
साल 2020 में आए ब्रेन स्ट्रोक ने राहुल रॉय की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया। धीरे-धीरे काम कम होता गया और मौके छिनते चले गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। आज हम उनकी जो रील्स हम देखते हैं, वो सिर्फ वीडियो नहीं हैं, वो एक कोशिश है, फिर से खड़े होने की,
खुद को संभालने की और जिंदगी से लड़ने की।
बड़े पर्दे का ये सुपरस्टार आज भले ही मोबाइल स्क्रीन तक सीमित दिखे, लेकिन उनका हौसला आज भी उतना ही बड़ा है…!


