जो इंडिया / मीरा रोड। (Mira road murder case)
मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके में एक प्रेम प्रसंग ने एक परिवार को तबाह कर दिया। चार साल पुराने अवैध संबंध का अंत एक खौफनाक हत्या में हुआ, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति का गला घोंटकर कत्ल कर दिया और शव को बोरे में भरकर खाड़ी में फेंक दिया।
यह सनसनीखेज मामला तब सामने आया जब 8 मई को मीरा रोड के शांति नगर खाड़ी के पास एक बोरे में 35 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसे प्लास्टिक में लपेटकर बोरे में ठूंस दिया गया था। पुलिस ने जब शव की पहचान की तो मृतक की पहचान संजय (परिवर्तित नाम) के रूप में हुई, जो शांति नगर इलाके का निवासी था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि संजय की मौत गला दबाकर की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि संजय 3 मई से लापता था, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उसकी गुमशुदगी की शिकायत किसी ने दर्ज नहीं कराई थी। इसी बिंदु ने पुलिस का शक सीधे उसकी पत्नी पर पहुंचा दिया।
पुलिस ने जब पत्नी से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और अक्सर कई दिनों तक घर से बाहर रहता था। लेकिन पुलिस को उसके जवाब पर भरोसा नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने पत्नी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि महिला लगातार अपने पुराने स्कूल मित्र राजू (30) से संपर्क में थी। सख्ती से पूछताछ करने पर महिला टूट गई और उसने हत्या की पूरी कहानी पुलिस के सामने बयां कर दी।
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2018 में संजय से हुई थी, लेकिन वह वैवाहिक जीवन से खुश नहीं थी। इसी दौरान वह अपने स्कूल के दोस्त राजू के संपर्क में आई और पिछले चार वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बन गए थे।
करीब छह महीने पहले संजय को पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद घर में आए दिन झगड़े होने लगे। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ। झगड़े के दौरान राजू और संजय के बीच हाथापाई हुई। आरोप है कि राजू ने संजय को जमीन पर गिरा दिया, जबकि पत्नी ने उसके पैर पकड़ लिए और फिर राजू ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। उन्होंने शव को प्लास्टिक में लपेटकर बोरे में पैक किया और देर रात करीब दो बजे बाइक पर लादकर शांति नगर खाड़ी तक ले गए। वहां दोनों ने मिलकर शव को खाड़ी में फेंक दिया। घर लौटने के बाद महिला ने कमरे और फर्श को साफ कर सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस ने मामले में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल बाइक, मोबाइल फोन और रस्सी भी बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 और 238 के तहत हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है।



