जो इंडिया / मुंबई:
मनपा के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग और ‘स्वच्छ मुंबई अभियान’ के अंतर्गत ये मार्शल्स नियुक्त किए गए थे, जिनका कार्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और नियमों का पालन करवाना था। हालांकि, पिछले कुछ समय से इनकी गतिविधियों को लेकर मनपा को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही थी।
मनपा आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मुंबई के सभी 24 वार्डों में तैनात क्लीन अप मार्शल्स और उन्हें नियुक्त करने वाली 12 संस्थाओं की सेवाएं 4 अप्रैल से समाप्त की जाएंगी। नागरिकों से अपील की गई है कि इसके बाद यदि कोई मार्शल जुर्माना वसूलता है, तो इसकी शिकायत संबंधित वार्ड कार्यालय में करें।
गौरतलब है कि बीते वर्ष इन मार्शल्स द्वारा कुल 4 करोड़ 93 लाख 73 हजार 712 रुपये का जुर्माना वसूला गया था। लेकिन शिकायतों के अनुसार, कई मामलों में नियमों का उल्लंघन कर जुर्माना वसूला गया और मार्शल्स का व्यवहार भी असभ्य रहा।
इस निर्णय के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि सड़कों पर इनकी गुंडा-गर्दी पर रोक लगेगी और मनपा की छवि में सुधार आएगा।
