राज्य के लाखों बेरोज़गार इंजीनियरों और युवाओं से “झूठे आश्वासन” देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने जलसंधारण मंत्री संजय राठोड़ को बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। वाल्मी (वॉटर एंड लैंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट) में आयोजित रोजगार सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस ने चेतावनी दी—
“जब तक जलसंधारण विभाग का आकृतिबंध मंज़ूर नहीं होता, तब तक मंत्री संजय राठोड़ को छत्रपति संभाजीनगर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।”
रोजगार व स्वरोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस विशाल “रोजगार सत्याग्रह” का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस के सरचिटणीस और विभाग के संयोजक धनंजय शिंदे तथा शहर जिल्हाध्यक्ष युसुफ़ शेख ने किया। आंदोलन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपालीताई मिसाल, प्रदेश सचिव प्रकाश भगनुरे पाटील, प्रवीण केदार, प्रमोद सोनवणे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
सरकार की घोषणाओं पर कांग्रेस का हमला
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार लगातार घोषणाएँ कर रही है, लेकिन न तो कोई वास्तविक भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है और न ही जलसंधारण विभाग का आकृतिबंध मंज़ूर किया गया है। आंदोलन स्थल पर जुटे सैकड़ों बेरोज़गार इंजीनियरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू करने की मांग उठाई।
कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
आंदोलनकारी प्रतिनिधिमंडल ने वाल्मी की आयुक्त डॉ. अंजली रमेश को ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई—
जलसंधारण विभाग का आकृतिबंध तुरंत मंज़ूर किया जाए
विभाग में सभी रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए
आयुक्त डॉ. रमेश ने कहा कि वे इन मांगों को उच्च अधिकारियों और राज्य सरकार तक तत्काल पहुँचाएँगी और निर्णय की जानकारी युवाओं को दी जाएगी।
कांग्रेस की चेतावनी— लड़ाई और तेज होगी
कांग्रेस ने साफ कहा कि जब तक बेरोज़गार युवाओं को न्याय नहीं मिलता और आकृतिबंध मंज़ूर नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
“सरकार के झूठे वादे अब जिले में नहीं चलेंगे,” कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा।



