जो इंडिया / मुंबई। Game addiction murder:
1.80 लाख के लिए सौतेली मां की हत्या
महाराष्ट्र के वसई क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ऑनलाइन गेम की लत में एक युवक ने अपनी सौतेली मां की हत्या कर दी। महज़ पैसे नहीं मिलने पर गुस्से में आकर युवक ने सिर दीवार पर पटककर उनकी जान ले ली। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस जघन्य हत्या को छिपाने के लिए उसके पिता ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया और शव को दफना दिया।
घटना वसई के पेरियार अपार्टमेंट की है, जहां आर्शिया खुसरु (61) अपने पति मोहम्मद खुसरु (65) और सौतेले बेटे इमरान (32) के साथ रहती थीं। 26 जुलाई को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने दावा किया कि उनकी गिरने से मौत हुई है और उन्हें चुपचाप दफना दिया गया। लेकिन महिला के भाई को संदेह हुआ, जिसकी शिकायत पर मीरा-भायंदर-वसई-विरार क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के सीनियर पीआई समीर आहिरराव ने जांच शुरू की।
🔍 हत्या की परतें खुलीं
जांच में जब पुलिस ने इमरान से कड़ी पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इमरान ने बताया कि वह VRPO नामक ऑनलाइन गेम का आदी था और गेम के लिए उसे 1.80 लाख रुपये की जरूरत थी। मां से जब उसने पैसे मांगे तो उन्होंने मना कर दिया। इससे बौखलाकर इमरान ने पहले दीवार पर उनका सिर पटक दिया और फिर लात-घूंसों से मारकर उनकी जान ले ली।
💰 लूट और साजिश
हत्या के बाद इमरान ने अलमारी से सोने की दो चूड़ियां और एक चैन भी चुरा ली। उसने पिता को सारा घटनाक्रम बताया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर खून के धब्बे साफ किए और एक परिचित डॉक्टर से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया, जिसमें मौत की वजह “गिरना” बताई गई। इसके बाद शव को जल्दीबाजी में दफना दिया गया।
📹 सबूतों ने खोली पोल
क्राइम ब्रांच की टीम ने मृतका के घर जाकर मौका-ए-वारदात का निरीक्षण किया, पड़ोसियों से पूछताछ की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। शक की सुई इमरान पर गई और फिर जांच ने हत्या की पूरी सच्चाई उजागर कर दी। पुलिस ने अब आरोपी बेटे और उस डॉक्टर को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसने झूठा डेथ सर्टिफिकेट जारी किया था।



