नवी मुंबई। (CIDCO Budget 2026)
नवी मुंबई को देश के सबसे आधुनिक और योजनाबद्ध शहरों में शामिल करने की दिशा में सिडको (CIDCO) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक दूरदर्शी और विकास केंद्रित बजट पेश किया है। 16,250 करोड़ रुपये के इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और किफायती आवास को प्राथमिकता दी गई है, जो आने वाले वर्षों में शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल सकता है।
सिडको के अधिकारियों के अनुसार, यह बजट सिर्फ विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि नवी मुंबई को एक ग्लोबल इन्वेस्टमेंट हब बनाने की दिशा में एक मजबूत रणनीति है। खासतौर पर नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) के शुरू होने के बाद इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
एयरपोर्ट और मेट्रो से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अब इस विकास का केंद्र बिंदु बन चुका है। घरेलू उड़ानों की शुरुआत के बाद जल्द ही अंतरराष्ट्रीय सेवाएं भी शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही मेट्रो लाइन-8 और अन्य विस्तार परियोजनाएं शहर को मुंबई और आसपास के इलाकों से और बेहतर तरीके से जोड़ेंगी।
ठाणे से NMIA तक बनने वाला एलिवेटेड कॉरिडोर यात्रा समय को 90 मिनट से घटाकर लगभग 30 मिनट कर देगा, जिससे यात्रियों और उद्योगों दोनों को बड़ा फायदा होगा।
थीम सिटी प्रोजेक्ट्स से मिलेगा वैश्विक पहचान
सिडको नवी मुंबई में एरोसिटी, एड्युसिटी और मेडिसिटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है। इन परियोजनाओं के जरिए शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
खारघर में प्रस्तावित इंटरनेशनल कॉर्पोरेट पार्क और लॉजिस्टिक्स हब जैसे प्रोजेक्ट्स निवेशकों को आकर्षित करेंगे और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।
किफायती घरों पर बड़ा फोकस
सिडको ने मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए बड़े पैमाने पर हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की घोषणा की है। पिछले वर्ष की सफलता के बाद इस साल करीब 19,300 नए घरों के निर्माण की योजना बनाई गई है, जिससे हजारों परिवारों को अपना घर मिल सकेगा।
NAINA और जल परियोजनाओं से संतुलित विकास
NAINA क्षेत्र में 225 वर्ग किलोमीटर में नियोजित विकास किया जा रहा है, जिससे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर का विस्तार किया जा सके। वहीं कोंढाणे, हेटवणे और बालगंगा जैसे जल प्रोजेक्ट्स शहर की पानी की जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे।



