ज्योति दुबे / मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra news) की राजनीति में एकनाथ शिंदे गुट के भीतर ही कथित साजिश को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ( DCM Eknath Shinde)के करीबी नेताओं संजय शिरसाट और संजय जाधव पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि ये नेता शिंदे के लिए ही राजनीतिक मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। शिंदे के सफाई के लिए उनके ये सिपाही ही साजिश रच रहे हैं।
परभणी में एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में आयोजित सम्मेलन को लेकर जरांगे पाटील ने तीखी नाराजगी जताई। यह कार्यक्रम शिंदे गुट में शामिल सांसद संजय जाधव की ओर से आयोजित किया गया था। जरांगे ने संजय शिरसाट और संजय जाधव पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ने मिलकर षड्यंत्र रचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मराठा आरक्षण के मुद्दे पर शिंदे गुट के ही कुछ नेता ऐसा राजनीतिक खेल खेल रहे हैं, जिससे एकनाथ शिंदे को नुकसान पहुंच सकता है।
जरांगे ने यहां तक दावा किया कि संजय शिरसाट और संजय जाधव कथित तौर पर ‘सुपारी लेकर’ शिंदे के खिलाफ काम कर रहे हैं और इसके पीछे भाजपा का इशारा हो सकता है। हालांकि, यह आरोप जरांगे पाटील के हैं और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जरांगे ने संजय जाधव को फोन कर सीधे चेतावनी भी दी। यहां शिंदे की सभा से पहले जरांगे के इस आक्रामक रुख ने महायुति के भीतर राजनीतिक तनाव और मराठा आरक्षण के मुद्दे पर बढ़ती खींचतान को एक बार फिर सामने ला दिया है।



