जो इंडिया / मुंबई : मुंबई में लोकल ट्रेनों (local trains in mumbai) की भीड़ को कम करने और उपनगरीय यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुंबई रेलवे विकास निगम (MRVC) ने तीन नए रूटों पर लोकल सेवा शुरू करने की योजना बनाई है, जिसमें इन रूटों पर स्वतंत्र ट्रैक का निर्माण किया जाएगा।
बदलापूर-करजत, आसनगांव-कसारा और पनवेल-वसई के बीच लोकल ट्रेनों के लिए अलग ट्रैक बनाए जाएंगे, जिससे इन मार्गों पर मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के कारण होने वाली देरी से निजात मिलेगी। यह परियोजना मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (MUTP) – फेज़ 3B के अंतर्गत प्रस्तावित है।
MRVC के अध्यक्ष विलास वाडेकर ने बताया कि प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी देकर राज्य सरकार को भेजा है। राज्य सरकार की हरी झंडी मिलते ही केंद्र की मंजूरी भी जल्द मिलने की उम्मीद है।
करीब 14,000 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में खर्च का आधा हिस्सा केंद्र और आधा राज्य सरकार उठाएंगी।
बदलापूर-करजत और आसनगांव-कसारा रूट पर काम 3-4 वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है।
पनवेल-वसई रूट के लिए 5-6 साल की समयसीमा तय की गई है।



