जो इंडिया /दिवा (ठाणे): (Diva Mahayuti victory
दिवा-ठाणे क्षेत्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना (महायुति) को मिली प्रचंड और बंपर जीत के बाद दिवा शहर में जश्न, उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में शिवसेना प्रत्याशी रमाकांत मढवी के सम्मान में दिवा निवासी उत्तर भारतीय समाज की ओर से भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
समारोह स्थल पर ढोल-नगाड़ों, फूलों की वर्षा और नारों के बीच रमाकांत मढवी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उत्तर भारतीय समाज के सैकड़ों नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, युवा प्रतिनिधि और गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे। वक्ताओं ने रमाकांत मढवी की जीत को “जनता के भरोसे, विकास की सोच और मजबूत नेतृत्व की जीत” करार देते हुए कहा कि यह परिणाम जनता की अपेक्षाओं और विश्वास का सशक्त प्रमाण है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रमाकांत मढवी ने चुनाव से पहले और बाद में भी जनसंपर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, आम नागरिकों की समस्याओं को नजदीक से समझा और हर वर्ग को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई। यही कारण है कि दिवा की जनता ने भारी बहुमत से उन्हें विजयी बनाकर स्पष्ट जनादेश दिया। वक्ताओं ने यह भी कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना (महायुति) ने विकास, स्थिरता और सुशासन का जो भरोसा जनता को दिया, उसी का परिणाम यह बंपर जीत है।
समारोह में उपस्थित लोगों ने राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सड़कों, जलापूर्ति, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर ठोस काम हुआ है। इसी निरंतर विकास और मजबूत नेतृत्व पर जनता ने भरोसा जताया है। वक्ताओं ने रमाकांत मढवी के जमीनी स्तर पर काम करने, आम नागरिकों से सीधे संवाद और समस्याओं के त्वरित समाधान की शैली को उनकी जीत की सबसे बड़ी ताकत बताया।
इस सम्मान समारोह में दिवा के प्रमुख बिल्डर लक्ष्मण नायकोडी, दीपक दुबे, भरत दुबे, सुनील दुबे, विनय तिवारी, शत्रुघ्न दुबे, साहिल दुबे, रामआसरे शर्मा, अनिकेत कुडकर, कन्हैयालाल यादव, संभूलाल यादव सहित उत्तर भारतीय समाज के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने एकमत से कहा कि दिवा की जनता ने विकास, स्थिरता और मजबूत नेतृत्व के पक्ष में मतदान कर स्पष्ट संदेश दिया है।
अपने सम्मान से अभिभूत रमाकांत मढवी ने समारोह में उपस्थित सभी नागरिकों और उत्तर भारतीय समाज का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि दिवा की जनता और सभी समाजों की सामूहिक जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में दिवा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, बेहतर बुनियादी सुविधाएँ, रोजगार के नए अवसर, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के समापन पर उत्तर भारतीय समाज की ओर से मिठाइयाँ बाँटी गईं और “दिवा के विकास और प्रगति” के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, एकता और विजय का संदेश स्पष्ट रूप से झलकता रहा, जिससे यह साफ हो गया कि दिवा की जनता विकास के पथ पर आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह एकजुट है।



