राज्य में महानगर पालिका के चुनाव को लेकर अभी भ्रम कायम है। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कल दीपावली के अवसर पर पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत मे कहा कि मनपा का चुनाव कब होगा यह ईश्वर और न्यायपालिका पर निर्भर है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र व्यवस्था में प्रशासन ज्यादा समय तक संस्थान चलाएं, यह ठीक नहीं है। स्थानिक स्वराज्य संस्था के चुनाव के लिए राज्य चुनाव आयोग स्वतंत्र संस्थान है। चुनाव के संदर्भ में उसे निर्णय लेने का अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महानगर पालिका चुनाव का विषय राज्य सरकार के पास प्रलंबित नहीं है। न्यायालय ने जैसे थे परिस्थिति बनाये रखने का आदेश दिया है। मनपा चुनाव का विषय न्यायालय और आयोग के पास है। इसलिए महानगर पालिका चुनाव कब होगा यह ईश्वर और न्यायालय पर निर्भर है।
सभी नेताओं से मेरे अच्छे संबंध
सभी राजनीतिक नेताओं के साथ मेरा संबंध है। सबसे बातचीत होती है। उद्धव ठाकरे को मैंने अब तक दीपावली की शुभेच्छा नहीं दी है। लेकिन जरूर दूंगा।
पिछले कई दिनों में राज्य में राजनीतिक क्षेत्र में कटुता बढ़ी है। यह बात फडणवीस ने भी स्वीकार करते हुए कहा कि राजनीति में कटुता नहीं होनी चाहिए। यह महाराष्ट्र की संस्कृति नहीं है। कटुता है तो भी धीरे-धीरे कम करना चाहिए।